दिल्ली से सुधीर कुमार
विद्युत सज्जा, भव्य फूल बंगला, छप्पन भोग, पालकी उत्सव एवं हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि के बीच तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव संपन्न
नई दिल्ली/वृंदावन। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्तिक उत्सव के अंतिम दिन भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र की दिव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर अध्यक्ष श्री चंचलापति दास जी के नेतृत्व में सारे धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए गए। इस अवसर पर शोभायात्रा में धर्म दंड लेकर चल रहीं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, एडीजी एसके भगत, विधायक श्रीकांत शर्मा ने आराध्य की आरती उतारकर मंदिर में दीपदान किया।
ठाकुर जी के रथारूढ़ होते ही मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन एवं जयकारों से गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। पुष्पवर्षा, भक्ति संगीत और महामंत्र संकीर्तन के बीच निकली इस दिव्य शोभायात्रा ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
उत्सव के अंतर्गत भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को मंदिर के गर्भगृह से विधिवत पालकी में विराजमान कर नीचे लाया गया। इस दौरान भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन एवं जयकारों के साथ अपने आराध्य का अभिनंदन किया। ठाकुर जी को विशेष एवं आकर्षक पोशाक धारण कराई गई तथा विविध प्रकार के सुगंधित एवं रंग-बिरंगे पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में भव्य फूल बंगले का आयोजन किया गया, जिसकी अनुपम पुष्प सज्जा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस पावन अवसर पर भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को विधिवत छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री दामोदराष्टकम का भावपूर्ण गान किया तथा अपने आराध्य के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। दीपों की स्वर्णिम आभा, पुष्पों की अलौकिक सज्जा एवं हरिनाम संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को दिव्य आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
कार्तिक उत्सव के अवसर पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की भव्य सजावट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। संपूर्ण मंदिर परिसर को दिव्य दुधिया विद्युत रोशनी से आलोकित एवं अलंकृत किया गया, जिससे मंदिर की स्थापत्य भव्यता और भी निखर उठी। परिसर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक एवं कलात्मक रंगोलियों का निर्माण किया गया। रंग-बिरंगी रंगोलियों, मनोहारी पुष्प सज्जा और जगमगाती रोशनी के अद्भुत समन्वय ने मंदिर परिसर को उत्सवमय एवं अलौकिक स्वरूप प्रदान किया।
Tags
@#