मधुबनी, 27 अप्रैल 2026। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देवधा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1.227 किलोग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित मूल्य करीब 1 करोड़ रुपये) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 अप्रैल 2026 को देवधा थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 48वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मिश्रौल चौक के पास एक चार पहिया वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसके केबिन से प्लास्टिक में पैक 21 पैकेट ब्राउन शुगर बरामद की गई। कुल वजन 1.227 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कमरूल (पिता- मो. कलीम, निवासी- बल्लीडीह, थाना जयनगर) तथा सहम हुसैन (पिता- मो. अलाउद्दीन, निवासी- उस्तराही, थाना देवधा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
क्राइम