पालघर जिले में घरफोड़ चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाडा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को फिर्यादी नरेश काशीनाथ पाटिल (उम्र 51 वर्ष), निवासी देवघर, अपने रिश्तेदारों के यहां धार्मिक कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेडरूम में रखी अलमारी से करीब 2.16 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। इस संबंध में वाडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पालघर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देवघर गांव के सुनील उर्फ मुन्ना उर्फ टोल्या पाटिल पर नजर रखी। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी अजित उर्फ बाली प्रकाश पाटिल (उम्र 35 वर्ष) के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस चोरी में सरिका पंकज पाटिल नामक महिला ने भी सहयोग किया था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों के पास से चोरी किए गए करीब 2.16 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने क्षेत्र में अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच जारी है।
Tags
घरफोड़ चोरी