भड़कमोरा क्षेत्र से 275 ग्राम गांजा बरामद, महिला गिरफ्तार।

वापी, 25 जून। वापी उद्योगनगर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भड़कमोरा, सुलफड क्षेत्र से 275 ग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजा, मोबाइल फोन और नकद राशि समेत कुल हजारों रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रेमवीर सिंह (आईपीएस), वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक श्री युवराजसिंह जाडेजा (आईपीएस) तथा वापी विभाग के पुलिस उप अधीक्षक श्री बी.एन. दवे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में वापी उद्योगनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक श्री एस.पी. गोहिल एवं उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भड़कमोरा क्षेत्र में गांजे की अवैध गतिविधि चल रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अनीता पत्नी किरणभाई कालीदास हलपति, निवासी भड़कमोरा, सुलफड, वापी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 275 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13,750 रुपये है, बरामद किया गया।
पुलिस जांच में मामले में राजू रामजी सरोज, निवासी भड़कमोरा, सुलफड, वापी का नाम भी सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी), 20(बी)(ii)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जब्त किया गया मुद्देमाल:
275 ग्राम गांजा – कीमत ₹13,750
एक मोबाइल फोन – कीमत ₹15,000
नकद राशि – ₹1,000
इस कार्रवाई को सफल बनाने में पुलिस निरीक्षक श्री एस.पी. गोहिल, पीएसआई श्री एल.जी. वळवी, हेड कांस्टेबल अल्केश मोहनभाई, महिला हेड कांस्टेबल संगीता जोगाभाई सहित वापी उद्योगनगर पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post