मुंबई/पालघर। महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य चित्रा किशोर वाघ ने पालघर जिले के नालासोपारा क्षेत्र में दो सगी बहनों के साथ कथित अत्याचार और मानव तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क के मामले को गंभीरता से उठाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि इस मामले में केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि एक बड़े और संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका दिखाई देती है। आरोप है कि पीड़ित युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका शोषण किया गया और बाद में उन्हें विदेश भेजने की साजिश रची गई।
विधायक चित्रा वाघ ने मामले में तथाकथित “लव जिहाद”, अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और संदिग्ध आर्थिक लेन-देन के पहलुओं की भी गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की आर्थिक स्थिति और उनके पास उपलब्ध संसाधनों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी बड़े नेटवर्क या संगठित गिरोह का संरक्षण तो उन्हें प्राप्त नहीं है।
पत्र में राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विशेष जांच दल (SIT) के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।