वलसाड जिले की भिलाड पुलिस ने अपहरण के एक चर्चित मामले का मात्र 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार जांच की गई। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप युवती को सुरक्षित मुक्त कराया गया और अपहरण में शामिल चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को भी कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।