राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से राहत देने का पार्टी अध्यक्ष को भेजा पत्र
नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र लिखकर राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और BJP की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से स्वयं को मुक्त करने का आग्रह किया है।
पूनावाला ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने इससे पहले 30 जुलाई 2026 को आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला देते हुए सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बिना शर्त इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि, पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि काफी विचार-विमर्श के बाद अब उन्होंने अपने निर्णय पर कायम रहने का अंतिम फैसला किया है। पत्र में पिछले कुछ दिनों की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन परिस्थितियों ने उन्हें अपने पहले के निर्णय पर कायम रहने के लिए मजबूर किया।
PM मोदी और BJP नेतृत्व के प्रति जताया सम्मान
शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने पिछले पांच वर्षों में उन्हें मंच और अवसर प्रदान किए, जिसके लिए वे पार्टी के आभारी रहेंगे।
निजी क्षेत्र में जाने की बात
पूनावाला ने पत्र में बताया कि गंभीर आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह अब निजी क्षेत्र में जाने का निर्णय ले रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी और जिस भी रूप में संभव होगा, वे प्रधानमंत्री मोदी के विजन और BJP के कार्यों का समर्थन जारी रखेंगे।
Tags
@#