₹9 हजार रिश्वत लेने वाले तत्कालीन राजस्व कर्मचारी को सजा, ₹28 हजार लेते प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी गिरफ्तार
पटना, 15 सितंबर 2026। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। ब्यूरो ने मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। एक मामले में रिश्वत लेने वाले तत्कालीन राजस्व कर्मचारी को विशेष निगरानी न्यायालय ने दोषी करार देते हुए सजा सुनाई, जबकि दूसरे मामले में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को ₹28 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
₹9 हजार रिश्वत लेने वाले राजस्व कर्मचारी को न्यायालय ने सुनाई सजा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की प्रेस विज्ञप्ति संख्या 128/2026 के अनुसार, विशेष निगरानी न्यायालय, पटना के माननीय न्यायाधीश श्री अतुल कुमार सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दर्ज मामले में तत्कालीन राजस्व कर्मचारी अमरेन्द्र कुमार सिन्हा को दोषी करार दिया।
अमरेन्द्र कुमार सिन्हा उस समय हल्का नंबर-06, प्रखंड फुलवारीशरीफ, जिला पटना में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। उनके विरुद्ध निगरानी थाना कांड संख्या 07/2015 (विशेष वाद संख्या 05/2015) दर्ज किया गया था।
जमीन के नामांतरण के लिए मांगी थी ₹10 हजार रिश्वत
मामला परिवादी अरुण कुमार, पिता–सूबेदार सिंह, निवासी साकिन-सिमरा, पंचायत–सुधैता, थाना–परसा बाजार, जिला पटना से संबंधित है। आरोप था कि जमीन का नामांतरण कराने के एवज में तत्कालीन राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से ₹10 हजार रिश्वत की मांग की थी।
निगरानी विभाग की कार्रवाई के दौरान आरोपी को 23 जनवरी 2015 को ₹9 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। लंबे समय तक चले न्यायिक प्रकरण के बाद विशेष निगरानी न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।
दूसरी कार्रवाई में ₹28 हजार लेते प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपनी दूसरी कार्रवाई में एक प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को ₹28 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
Tags
@#