रैयाम चीनी मिल को फिर से चालू करने की कवायद तेज, डीएम ने किया निरीक्षण।

मिल के विस्तार के लिए 120 एकड़ भूमि की जरूरत, 35 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन; व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दरभंगा, 16 अक्टूबर। रैयाम चीनी मिल को पुनः चालू करने एवं इसके विस्तार की दिशा में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने शुक्रवार को रैयाम चीनी मिल परिसर का निरीक्षण किया तथा मिल के पुनः संचालन की संभावनाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मिल के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जलरड्डी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुश्री साक्षी कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गन्ना उद्योग विभाग के पदाधिकारी, मिल के केन हेड सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
120 एकड़ भूमि की आवश्यकता, 35 एकड़ अधिग्रहण का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन
बैठक में रैयाम चीनी मिल के विस्तार एवं पुनः संचालन को लेकर भूमि की उपलब्धता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मिल के केन हेड ने जानकारी दी कि वर्तमान में मिल परिसर का कुल क्षेत्रफल लगभग 49 एकड़ है, जबकि मिल के विस्तार और सुचारू संचालन के लिए करीब 120 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि आवश्यक भूमि में से लगभग 35 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव अंचलाधिकारी के माध्यम से प्रक्रियाधीन है। साथ ही, शेष भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया गया।
मिल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं उपस्थित अधिकारियों ने पूरे चीनी मिल परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान परिसर की वर्तमान स्थिति, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा मिल के पुनः संचालन से संबंधित आवश्यक पहलुओं का जायजा लिया गया।
आईबी परिसर में साफ-सफाई दुरुस्त रखने का निर्देश
चीनी मिल के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने आईबी परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
रैयाम चीनी मिल के पुनः संचालन को लेकर हुई यह समीक्षा क्षेत्र के औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, मिल को दोबारा चालू करने की निश्चित तिथि और आगे की कार्ययोजना के संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post