बिहार में मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन: लापरवाही बरतने वाले 15 अधिकारी-कर्मचारी तत्काल प्रभाव से निलंबित।

सहयोग कार्यक्रम में आवेदनों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन में लापरवाही पर मुख्यमंत्री सख्त, संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश।
पटना, 11 नवंबर। बिहार में आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं करने, लापरवाही बरतने तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान नहीं करने के आरोप में मुख्यमंत्री ने 15 पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने यह कार्रवाई 10 नवंबर 2026 को आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर के दौरान की। साथ ही संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश भी दिया गया है।
इन जिलों के अधिकारियों पर गिरी निलंबन की गाज
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निलंबित किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों में मुंगेर, भोजपुर, कटिहार, भागलपुर, अररिया, गया, जहानाबाद, सुपौल, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज जिले के अधिकारी शामिल हैं।
निलंबित अधिकारियों की सूची में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कर्मचारी एवं पदाधिकारी शामिल हैं।
इनमें अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा राजस्व कर्मचारी जैसे पदों पर कार्यरत अधिकारी शामिल हैं।
सिर्फ आवेदन निपटाना नहीं, समस्या का वास्तविक समाधान जरूरी
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, विभागीय सचिवों एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की केवल समय-सीमा के भीतर समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान हुआ है या नहीं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पदाधिकारी या कर्मचारी द्वारा आवेदकों की समस्याओं का समाधान किए बिना केवल खानापूर्ति अथवा टालमटोल की जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post