वापी नगर पालिका चुनाव: वॉर्ड नंबर 3 को लेकर दस्तावेजों में कथित विसंगति पर शिकायत।
वापी नगर पालिका चुनाव के वॉर्ड नंबर 3 से जुड़े एक मामले में रिटर्निंग ऑफिसर एवं सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई है। शिकायत में उम्मीदवार शम्सुद्दीन नूरुद्दीन चौधरी से संबंधित दस्तावेजों में कथित विरोधाभास और चुनावी हलफनामे में भ्रामक जानकारी दिए जाने का मुद्दा उठाया गया है।
शिकायतकर्ता महम्मद इमरान अब्दुल रऊफ मिर्जा द्वारा दायर आवेदन में कहा गया है कि सेंट जेवियर्स हाईस्कूल, छरवाड़ा, वापी के रिकॉर्ड के अनुसार उम्मीदवार की जन्मतिथि 13/11/1998 दर्ज है। आवेदन के अनुसार यह जानकारी कथित रूप से जन्म प्रमाणपत्र एवं संबंधित शैक्षणिक रिकॉर्ड से भी मेल खाती है।
वहीं, हिंदी विद्या मंदिर द्वारा जारी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट में जन्मतिथि 16/03/1994 दर्शाई गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हिंदी विद्या मंदिर के एक पत्र के अनुसार उम्मीदवार का प्रवेश वर्ष भी पूर्व रिकॉर्ड के साथ मेल नहीं खाता, जिससे दस्तावेजों की सत्यता को लेकर प्रश्न खड़े हुए हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विरोधाभासी रिकॉर्ड के बावजूद उक्त दस्तावेजों का उपयोग चुनावी प्रक्रिया में किया गया। शिकायतकर्ता ने इसे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए मूल रिकॉर्ड की जांच की मांग की है।
शिकायत में हिंदी विद्या मंदिर की प्रिंसिपल एवं उम्मीदवार सुनीता तिवारी का भी उल्लेख किया गया है। आवेदन के अनुसार विवादित दस्तावेज उनके हस्ताक्षर एवं प्राधिकरण के अंतर्गत जारी किए गए बताए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने रिटर्निंग ऑफिसर से सेंट जेवियर्स हाईस्कूल, हिंदी विद्या मंदिर तथा वापी नगर पालिका से मूल रिकॉर्ड मंगाकर प्राथमिक जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता शशांककुमार अनिलकुमार मिश्रा ने कहा कि आवेदक के अनुसार यह मामला केवल उम्र का नहीं बल्कि चुनावी हलफनामे में कथित गलत एवं विरोधाभासी जानकारी प्रस्तुत किए जाने से संबंधित है। उन्होंने कहा कि राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना में झूठी अथवा भ्रामक जानकारी वाले हलफनामों के संबंध में कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि उम्मीदवार के वयस्क होने की बात मान भी ली जाए, तब भी कथित गलत हलफनामा अपने आप वैध नहीं हो जाता। चुनाव प्रक्रिया में सही जानकारी देना अनिवार्य है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से जुड़ा विषय है।
हालांकि अधिवक्ता मिश्रा ने यह भी कहा कि मामला वर्तमान में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष लंबित है, इसलिए वे मामले के मेरिट पर विस्तृत टिप्पणी नहीं करना चाहते।
Tags
# latest News