दिल्ली से सुधीर कुमार
राजधानी दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी दर्शन के सत्याग्रह सभागार में 24 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 मलंगिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित चौथे मलंगिया महोत्सव पूरे गरिमामय अंदाज में मनाया गया। महोत्सव के अंतर्गत सुप्रसिद्ध नाटककार महेंद्र मलंगिया द्वारा लिखित 35 नाटकों का मंचन किया गया, जिसमें मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक सरोकारों की झलक साफ दिखाई दी।
इसी श्रृंखला में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को मलंगिया जी लिखित नाटक “एक टुकड़ा पाप” का नीरा कुमारी झा के निर्देशन में अत्यंत प्रभावशाली और भावनात्मक मंचन हुआ। उनके सशक्त निर्देशन और सभी कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। सभी कलाकारों की प्रस्तुति ने सफीक सभागार में बैठे दर्शकों को बहुत ही प्रभावित किया।
करीब 45 मिनट की इस प्रस्तुति में गरीबी, अशिक्षा, बाल-मन की आकांक्षाएं और अभिभावकों की जिम्मेदारी जैसे विषयों को बेहद मार्मिक ढंग से मंचित किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया और उन्हें आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया। विशेषकर अभिषेक आयुष, गगन नारायण झा और मुकेश दत्त के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को बांधे रखा।
इस अवसर पर निर्देशिका नीरा कुमारी झा जो स्वयं भी मंच पर थीं ने अपने बयान में कहा, “थिएटर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त जरिया है। ‘एक टुकड़ा पाप’ के माध्यम से हमने यह दिखाने का प्रयास किया है कि बच्चों के जीवन में माता-पिता की छोटी-सी लापरवाही भी बड़े परिणाम ला सकती है। हमारा उद्देश्य समाज को संवेदनशील बनाना और अपनी लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।”
उन्होंने आगे कहा कि मलंगिया फाउंडेशन लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से महेंद्र मलंगिया की रचनाओं को राष्ट्रीय मंच दे रहा है और आने वाले समय में इसे और व्यापक स्तर पर ले जाने की योजना है।
नाटक में माय की भूमिका में नीरा कुमारी झा, पिता की भूमिका में मुकेश दत्त, बेटा के भूमिका में अभिषेक आयुष झा, युवक के भूमिका में गगन नारायण झा और
गिरगिट के भूमिका में लोकमान्य झा थे। जबकि मेकअप - अन्नू झा और कल्पना का, संगीत - वैशाली झा और प्रकाश - मन्नु झा जी ने किया था।