वांसदा, 5 मई 2026: वांसदा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अनंतकुमार एच. पटेल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र लिखकर NH-48 स्थित बोरीयाच टोल प्लाजा पर स्थानीय (GJ-21) वाहनों से टोल वसूली तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि पहले इस टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों को छूट दी जाती थी, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को दैनिक आवागमन में राहत मिलती थी। लेकिन हाल ही में बिना किसी सार्वजनिक सूचना और स्थानीय प्रशासन या जनप्रतिनिधियों से परामर्श के इस छूट को समाप्त कर दिया गया है।
उन्होंने इस निर्णय को अन्यायपूर्ण और जनविरोधी बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। खासकर वांसदा और आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के लोग रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं, ऐसे में बार-बार टोल देना उनके लिए कठिनाई पैदा कर रहा है।
तीन प्रमुख मांगें रखीं गईं:
स्थानीय (GJ-21) वाहनों से टोल वसूली तत्काल बंद की जाए।
पूर्व में लागू स्थानीय छूट व्यवस्था को पुनः लागू किया जाए।
भविष्य में ऐसे निर्णय लेने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अनिवार्य रूप से परामर्श किया जाए।
विधायक ने चेतावनी भी दी कि यदि इस निर्णय को शीघ्र वापस नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और केंद्र सरकार की होगी।
Tags
# News राजनीतिक