पालघर पुलिस द्वारा 5 किलोमीटर ‘संडे ऑन साइकिल’अभियान का आयोजन,नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

पालघर, 8 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत तथा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर पालघर पुलिस द्वारा रविवार को 5 किलोमीटर लंबी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित साइकिल रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पालघर से प्रारंभ होकर टॉपिकल स्टार इंग्लिश हाईस्कूल तक पहुंची और पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान पालघर पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जिले के लगभग 70 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सफलतापूर्वक आयोजित इस अभियान में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, पदक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को प्रतिभागियों और नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटिल, साइबर सेल के पुलिस उपनिरीक्षक समीर भोसले, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक विश्वास सावंत तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पालघर पुलिस ने इस अवसर पर नागरिकों से नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post