पटना में कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई।

पटना, 2 जून। राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में मंगलवार रात करीब 10:10 बजे कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया। जांच में पता चला कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान, पटना से जुड़े लगभग 15 से 20 लोगों ने कथित रूप से पथराव और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में फायरिंग की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, तोड़फोड़ और पथराव के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच जारी है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि घटना में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा अन्य विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post