पटना, 15 जून। बिहार की राजधानी पटना में हाल ही में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद, कथित मारपीट, तोड़फोड़ और गोलीबारी की घटना के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी बीच कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष Tejashwi Prasad Yadav ने मुख्यमंत्री Samrat Choudhary को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है।
अपने पत्र में तेजस्वी यादव ने कहा है कि घटना को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली तथा निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले को सीबीआई को सौंपा जाए, ताकि इसकी निष्पक्ष, प्रभावी और गहन जांच हो सके। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे सच्चाई सामने आ सके और लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।