दिल्ली से सुधीर कुमार
नई दिल्ली: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म हांटेड इन दिनों चर्चा में है। आनंद पंडित मोशन पिक्चर द्वारा प्रस्तुत और वीएसबी फिल्म्स द्वारा निर्मित फिल्म हांटेड 3डी में रिलीज़ हुई है। इसका निर्देशन प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक विक्रम भट्ट ने किया है।
बता दें कि हांटेड 2011 में आई हांटेड का पार्ट 2 है। ये एक हॉरर फिल्म है। फिल्म की काफी सराहना हो रही है। विशेष रूप से अभिनेता सुनील शाक्य की। सुनील भी इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। गौरतलब है कि आगरा, उत्तरप्रदेश के सुनील शाक्य ने ललित कला संस्थान से थिएटर से पढ़ाई की है। हमसे बात करते हुए वो बताते हैं कि- ‘मुझे गर्व है कि विक्रम भट्ट सर ने मुझे इतना बड़ा रोल ऑफर किया।’ सुनील के लिए दोहरी खुशी की बात यह भी है कि वो हांटेड के कास्टिंग डायरेक्टर भी हैं। सुनील बताते हैं- ‘अपने किरदार की बात करूं तो जब इस फिल्म की कास्टिंग शुरू की थी तो विक्रम भट्ट सर ने मुझे ऑफिस बुलाया और कहानी का सार समझाया तभी सभी किरदारों के बारे में बताया और उसमें एक किरदार थानेदार के बारे में बताया वो कोई पुलिस का थानेदार नहीं है थानेदार उसका नाम है। विक्रम भट्ट सर बोले कि थानेदार का किरदार ऐसा चाहिए कि जैसे सुनील तुम हो तुम्हारी शक्ल का ही चाहिए। मैने बोला ठीक है मैं मेरी शक्ल का अभिनेता निकालता हूं। फिर सर हंसने लगे और बोले ये थानेदार का किरदार तुम्हारे लिए ही है। तुम थानेदार का किरदार कर रहे हों और फिर मैने दाढ़ी बढ़ाई। इस तरह मुझे ये फिल्म मिली।