मानसून के दौरान समुद्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा चेतावनी।

दमन, 17 जून। मानसून के मद्देनजर दमन प्रशासन ने नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 17 जून 2026 से 16 अगस्त 2026 तक दमन के सभी समुद्र तटों पर समुद्र में प्रवेश करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस अवधि के दौरान समुद्र में तैराकी, स्नान, मछली पकड़ने तथा समुद्र के किनारे जाकर सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों पर रोक रहेगी। मानसून के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें, तेज धाराएं एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्यटकों से चेतावनी संकेतों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post