दमन/सिलवासा। केंद्रशासित प्रदेश दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली के अंतर्गत दमन और सिलवासा में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित एस.टी. बस स्टैंड के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर माननीय सांसद उमेशभाई पटेल को एक ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि दमन और सिलवासा औद्योगिक एवं व्यापारिक दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री बस सेवा का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद दोनों स्थानों पर यात्रियों की सुविधाओं के अनुरूप आधुनिक बस स्टैंड का अभाव है, जिससे यात्रियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पत्र में मांग की गई है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए दमन एवं सिलवासा में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एस.टी. बस स्टैंड का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।