सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, डॉक्टरों की निगरानी में जारी उपचार।
नई दिल्ली, 19 जुलाई। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत सफदरजंग अस्पताल और वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) द्वारा रविवार सुबह जारी हेल्थ बुलेटिन-4 के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगातार जारी है। फिलहाल उनके वाइटल पैरामीटर (रक्तचाप, नाड़ी, ऑक्सीजन स्तर आदि) स्थिर हैं, हालांकि लंबे समय से जारी उपवास के कारण उनके रक्त संबंधी कुछ पैरामीटर सामान्य से थोड़ा प्रभावित पाए गए हैं।
बुलेटिन में बताया गया है कि लंबे उपवास से शरीर पर पड़ने वाले शारीरिक और जैविक प्रभावों को देखते हुए सोनम वांगचुक को विशेषज्ञों की बहु-विषयक (मल्टीडिसिप्लिनरी) टीम की कड़ी निगरानी में रखा गया है। उन्हें आवश्यक चिकित्सीय उपचार और निरंतर मेडिकल सहायता प्रदान की जा रही है।
सफदरजंग अस्पताल और एम्स, नई दिल्ली के चिकित्सकों का मानना है कि वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर होने के बावजूद संभावित जटिलताओं का समय रहते पता लगाने और उनका उपचार करने के लिए 24 घंटे क्लिनिकल मॉनिटरिंग तथा नियमित चिकित्सा हस्तक्षेप आवश्यक है।