देशभर से डीयू पहुंचे हज़ारों नए विद्यार्थियों का अभाविप ने किया भव्य स्वागत, सभी महाविद्यालयों में चला ‘वेलकम फ्रेशर्स’ अभियान।

दिल्ली से सुधीर कुमार 

*तिलक, पुष्पवर्षा एवं मिष्ठान से अभिनंदन; प्रवेश से लेकर आवास एवं विश्वविद्यालय तक हर स्तर पर सहायता के लिए अभाविप कार्यकर्ता हैं तत्पर*

दिल्ली विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने देश के विभिन्न राज्यों से उच्च शिक्षा के लिए आए नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों एवं महाविद्यालयों में भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर एवं मिष्ठान खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। अभाविप की सभी महाविद्यालय इकाइयों द्वारा आयोजित ‘वेलकम फ्रेशर्स’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन के प्रथम दिन अपनत्व एवं सहयोग का अनुभव कराया गया।

इस अवसर पर अभाविप कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालयों में विशेष सहायता केंद्र (हेल्पडेस्क) स्थापित कर नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया, दस्तावेज़ सत्यापन, टाइम-टेबल, ओरिएंटेशन कार्यक्रम, विभागीय जानकारी, कक्षाओं तथा महाविद्यालय परिसर से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध कराईं। विद्यार्थियों को परिसर का मानचित्र, उपयोगी संपर्क विवरण एवं आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे वे विश्वविद्यालय के वातावरण से सहजता से परिचित हो सकें।

दिल्ली से बाहर के राज्यों से आए विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आवास, परिवहन तथा अन्य स्थानीय व्यवस्थाओं के संबंध में भी अभाविप कार्यकर्ताओं द्वारा यथासंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। 


अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त करना देशभर के लाखों विद्यार्थियों का सपना होता है। ऐसे में विश्वविद्यालय जीवन के प्रथम दिन प्रत्येक विद्यार्थी को आत्मीयता, विश्वास और सहयोग का अनुभव कराना हमारा दायित्व है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का परिवार है। इसी भावना के साथ हमारी सभी महाविद्यालय इकाइयाँ नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन में जुटी हुई हैं। प्रवेश प्रक्रिया से लेकर शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ तक और उसके बाद भी विद्यार्थी परिषद प्रत्येक विद्यार्थी की सुविधा, सहायता एवं छात्र हितों के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post