मछुआरों को डीजल सब्सिडी का मुद्दा संसद में गूंजा, दमन-दीव के पारंपरिक मछुआरों को राहत देने की उठी मांग।

नई दिल्ली, 28 जुलाई। लोकसभा में मंगलवार को दमन और दीव के पारंपरिक मछुआरों को डीजल पर सब्सिडी उपलब्ध कराने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। सांसद उमेशभाई बाबूभाई पटेल ने मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय से इस संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।
सांसद ने सरकार से पूछा कि क्या दमन और दीव के पारंपरिक मछुआरों को पहले मिलने वाली डीजल सब्सिडी या रियायती सुविधा वर्तमान में बंद कर दी गई है अथवा उपलब्ध नहीं है। यदि ऐसा है तो इसके पीछे क्या कारण हैं।
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि गुजरात में पंजीकृत मछुआरों को वर्तमान में डीजल पर कितनी सब्सिडी या रियायत दी जा रही है तथा उसकी तुलना में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के मछुआरों को किस दर पर डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
सांसद उमेशभाई पटेल ने सरकार से यह भी पूछा कि क्या गुजरात की तर्ज पर दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के मछुआरों को भी डीजल पर सब्सिडी अथवा रियायती दर का लाभ देने पर विचार किया जा रहा है, ताकि उनकी परिचालन लागत कम हो और उनकी आजीविका को मजबूती मिल सके।
साथ ही उन्होंने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव विचाराधीन है तो अब तक क्या कार्रवाई की गई है और यह सुविधा कब तक लागू होने की संभावना है। यदि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है तो उसके कारण भी सदन के समक्ष रखे जाएं।
इस मुद्दे के उठने से दमन, दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली के हजारों पारंपरिक मछुआरों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है, जो लंबे समय से डीजल सब्सिडी की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post