वापी। औद्योगिक नगरी वापी से शहर के बाहर निकलना इन दिनों किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है। शहर से बाहर जाने के लिए सीमित मार्ग उपलब्ध हैं, लेकिन अधिकांश रास्तों पर निर्माण कार्य, भारी यातायात और अन्य कारणों से लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख निकासी मार्गों पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। विशेष रूप से बड़ा नाला क्षेत्र में यातायात की स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है, जहां वाहनों की लंबी कतारें आम बात हो गई हैं।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जाएं और जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है।