NEET विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, युवाओं के नाम लिखा भावुक पत्र।

नई दिल्ली। NEET-UG परीक्षा को लेकर देशभर में जारी विवाद और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के साथ उन्होंने देश के युवाओं के नाम एक भावुक खुला पत्र जारी करते हुए कहा कि उनका पूरा सार्वजनिक जीवन छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा है और उन्होंने हमेशा एक मजबूत एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला माना है।
अपने पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलते ही केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी, परीक्षा रद्द की और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष से परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में कराने का निर्णय भी लिया गया है।
उन्होंने लिखा कि सरकार की प्राथमिकता 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना थी। केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग से 21 जून 2026 को पुनः परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने पहले दिन से ही जिम्मेदारी स्वीकार की और कभी भी परिस्थितियों से मुंह नहीं मोड़ा। उनका संकल्प था कि किसी भी मेधावी छात्र के भविष्य के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घोषित परिणाम संतोषजनक रहे और गरीब पृष्ठभूमि से आने वाले अनेक छात्रों को सफलता मिली।
हालांकि उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि कुछ लोगों ने छात्रों को भ्रमित करने और स्थिति को भड़काने का प्रयास किया, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से उनका मन व्यथित है, लेकिन यह उनके व्यक्तिगत सम्मान का विषय नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का प्रश्न है।
अपने संदेश में उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भ्रम और भटकावे से दूर रहकर अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी छात्र का भविष्य कानूनी विवादों या राजनीतिक परिस्थितियों की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए।
पत्र के अंत में धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री, मंत्रिमंडल के सहयोगियों, मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भगवान श्रीजगन्नाथ का स्मरण करते हुए भविष्य में भी देश, ओडिशा और युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए स्वयं को समर्पित रखने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post