360 TEUs कंटेनर लेकर 422 किमी का सफर तय कर वडोदरा के वर्णामा पहुंची ट्रेन
मुंबई/वडोदरा। भारतीय रेलवे ने 21 अगस्त 2026 को एक महत्वपूर्ण परिचालन उपलब्धि हासिल करते हुए जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (JNPT), मुंबई से पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सफलतापूर्वक रवाना की। ट्रेन में कुल 360 TEUs कंटेनर लदे थे, जिन्हें वडोदरा मंडल के CONCOR के GCT टर्मिनल, वर्णामा तक पहुंचाया गया।
ट्रेन ने लगभग 422 किलोमीटर की दूरी तय की। यह मालगाड़ी 21 अगस्त को शाम 7 बजे JNPT से रवाना हुई। लॉन्ग-हॉल गठन में दो डबल-स्टैक रेक शामिल थे।
पहला रेक: JNPT–वडोदरा, लोड 45+1, लोको नंबर 60311 तथा कुल टन भार 1,817 टन।
दूसरा रेक: JNPT–वडोदरा, लोड 45+1, लोको नंबर 24690 तथा कुल टन भार 2,105 टन।
दोनों रेकों को मिलाकर एक ही लॉन्ग-हॉल मूवमेंट में 360 TEUs कंटेनर परिवहन किए गए। इससे एक ही ट्रेन के जरिए बड़ी मात्रा में कंटेनरीकृत माल ढुलाई की भारतीय रेलवे की क्षमता का प्रदर्शन हुआ।
माल परिवहन में कई फायदे
डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन के संचालन से बंदरगाहों और टर्मिनलों पर कंटेनरों के ठहराव का समय कम होने तथा टर्मिनल कंजेशन घटने की उम्मीद है। एक ही ट्रेन में अधिक कंटेनर ले जाने से समान मात्रा में माल ढोने के लिए कम लोकोमोटिव और कंटेनर फ्लैट वैगनों की आवश्यकता होगी।
इसके अलावा, एक ट्रेन में अधिक माल ले जाने से ट्रेनों की आवाजाही की संख्या कम होगी, जिससे रेल मार्ग की क्षमता का बेहतर उपयोग संभव होगा। कंटेनरों की तेज निकासी से माल के कुल ट्रांजिट समय में भी कमी आने की संभावना है।
सड़क परिवहन की तुलना में पर्यावरण के लिए भी लाभकारी
भारतीय रेलवे के अनुसार, यह संचालन ग्रीन एवं सस्टेनेबल फ्रेट ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्युत चालित ट्रेन होने के कारण सड़क मार्ग से डीजल वाहनों पर निर्भरता कम होती है।
एक डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सड़क मार्ग से बड़ी संख्या में ट्रकों द्वारा ले जाए जाने वाले माल के बराबर कार्गो परिवहन कर सकती है। इससे डीजल की खपत, सड़क पर यातायात का दबाव, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन और कार्बन फुटप्रिंट कम करने में मदद मिलती है।
Tags
@#