चार आरोपी गिरफ्तार, 4 अनसुलझी वारदातों का खुलासा; 12 मोबाइल सहित ₹5.15 लाख का माल बरामद
वापी। वापी GIDC पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह वापी, दमन, सिलवासा एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चार अनडिटेक्ट स्नैचिंग मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, बजाज पल्सर NS 200 मोटरसाइकिल और सुजुकी एक्सेस मोपेड बरामद की है। बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹5.15 लाख बताई गई है।
200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाली
गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों एवं संभावित साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
Tags
@#