मैथिली साहित्य महासभा, दिल्ली द्वारा 12वाँ विद्यापति स्मृति एकल व्याख्यान एवं मैसाम युवा सम्मान समारोह–2026 आयोजित।

दिल्ली से सुधीर कुमार 
नई दिल्ली, 27 सितंबर 2026।

मैथिली भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार के लिए समर्पित संस्था मैथिली साहित्य महासभा (मैसाम), दिल्ली द्वारा रविवार, 27 सितंबर 2026 को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, रफी मार्ग, नई दिल्ली में 12वाँ विद्यापति स्मृति एकल व्याख्यान एवं मैसाम युवा सम्मान समारोह–2026 गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक डॉ. रामानन्द झा ‘रमण’ का “मैथिली नाट्य साहित्य का विकास” विषय पर एकल व्याख्यान रहा। उन्होंने मैथिली नाट्य साहित्य की विकास-यात्रा, प्रमुख रचनाकारों, प्रवृत्तियों तथा उसके सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों पर गंभीर एवं सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर युवा साहित्यकार डॉ. भास्कर ज्योति को उनके चर्चित यात्रा-वृत्तांत ‘अथक अविराम’ के लिए ‘मैसाम युवा सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल की सदस्य श्रीमती कल्पना झा ने सम्मानित कृति की साहित्यिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
समारोह में छह मैथिली पुस्तकों का लोकार्पण तथा मैसाम की अर्द्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका ‘अपूर्वा’ का विमोचन भी किया गया। पत्रिका का संपादन श्री संजीव सिन्हा एवं श्री उज्ज्वल कुमार झा द्वारा किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. उदय नारायण सिंह ‘नचिकेता’, संयोजक, मैथिली भाषा विभाग, साहित्य अकादेमी ने की। मैसाम के अध्यक्ष श्री हेमन्त झा ने स्वागत भाषण दिया। श्री राज किशोर मिश्र ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री संजीव सिन्हा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती मंजूषा झा ने प्रस्तुत किया।

समारोह में दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए साहित्यकारों, लेखकों, विद्वानों, पाठकों एवं मैथिलीप्रेमियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। इस अवसर पर मैथिली साहित्य महासभा (मैसाम) की कार्यकारिणी 2026–28 के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का परिचय भी कराया गया।
यह आयोजन मैथिली साहित्य की समृद्ध परंपरा और समकालीन सृजनशीलता के बीच एक सार्थक सेतु के रूप में सम्पन्न हुआ। विद्यापति की साहित्यिक परंपरा के स्मरण के साथ युवा प्रतिभाओं के सम्मान, साहित्यिक विमर्श तथा मैथिली भाषा-साहित्य के निरंतर विकास के प्रति मैसाम की प्रतिबद्धता समारोह में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post