पंकज गुरव की कल्पनाशीलता और मेहनत ने सजाया उत्सव स्थल, श्रद्धालुओं ने की रचनात्मक कार्य की सराहना
वापी। चाला स्थित प्रमुख सहज को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के गणपति महोत्सव में इस वर्ष सप्तश्रृंगी मंदिर की आकर्षक थीम श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। मंदिर की भव्य सजावट और कलात्मक प्रस्तुति ने गणपति बप्पा के दर्शन के लिए पहुंचे सोसायटीवासियों का मन मोह लिया।
इस अनूठी थीम को सोसायटी के जी-601 निवासी पंकज गुरव ने अपनी रचनात्मक सोच, कला-कौशल और अथक मेहनत से तैयार किया। उनकी कल्पनाशीलता ने उत्सव स्थल को भव्य और भक्तिमय स्वरूप प्रदान किया।
अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद पंकज गुरव ने गणपति महोत्सव को यादगार बनाने के लिए विशेष योगदान दिया। सप्तश्रृंगी मंदिर की थीम को देखकर श्रद्धालुओं ने उनकी कला और मेहनत की जमकर सराहना की।
उल्लेखनीय है कि पंकज गुरव पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं और मेरिल कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में उनकी रचनात्मक भागीदारी प्रमुख सहज सोसायटी के लिए गौरव का विषय बनी।
प्रमुख सहज परिवार ने पंकज गुरव के समर्पण, कलात्मक प्रतिभा और सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए उनके प्रयासों को गणपति महोत्सव की विशेष उपलब्धि बताया।

