फिल्म जगत के अतिथियों एवं विशिष्ट आमंत्रितों को भारतीय रेल की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की विशेष पहल
वडोदरा, 22 सितंबर 2026:
केवड़िया में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में देशभर से शामिल हुए पुरस्कार विजेताओं, फिल्म जगत के प्रतिष्ठित अतिथियों एवं अन्य विशिष्ट आमंत्रितों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा एकतानगर स्टेशन से वडोदरा के लिए हेरिटेज स्पेशल ट्रेन का विशेष संचालन किया गया।
इस विशेष ट्रेन का प्रस्थान एकतानगर स्टेशन से रात्रि 9 बजे किया गया। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के अवसर पर आयोजित इस विशेष रेल यात्रा का उद्देश्य अतिथियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारतीय रेलवे की समृद्ध एवं गौरवशाली रेल विरासत से परिचित कराना था।
हेरिटेज स्पेशल ट्रेन भारतीय रेल की विरासत, आधुनिक तकनीक एवं पर्यटन के समन्वय का अनूठा उदाहरण है। ट्रेन की विशेष संरचना एवं संचालन के माध्यम से यात्रियों को भाप इंजन के स्वर्णिम युग की अनुभूति कराने का प्रयास किया गया है। आधुनिक इलेक्ट्रिक प्रणाली से संचालित होने के बावजूद ट्रेन में भाप एवं धुएँ का विशेष प्रभाव तथा हॉर्न की व्यवस्था की गई है, जो पुराने दौर के भाप इंजनों की स्मृतियों को जीवंत करती है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के कोचों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ट्रेन में छह कोच, पैंट्री सुविधा तथा आकर्षक सेल्फी पॉइंट की व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से तैयार किए गए कोच यात्रियों को आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं।
ट्रेन संख्या 09409 अहमदाबाद-एकता नगर स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार और रविवार को सुबह 06.10 बजे अहमदाबाद से प्रस्थान कर 09.50 बजे एकता नगर पहुंचती है। इसी तरह ट्रेन नंबर 09410 एकता नगर-अहमदाबाद स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार और रविवार को 20.35 बजे एकता नगर से प्रस्थान कर अगले दिन 00.05 बजे अहमदाबाद पहुंचती है। मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन वडोदरा स्टेशन पर रुकती है
इस ट्रेन में चार एसी विस्टाडोम प्रकार के कोच हैं जिनमें तीन वातानुकूलित एक्ज़ीक्यूटिव चेयर कार कोच और एक रेस्तरां डाइनिंग कार शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वर्ष 2023 में एकतानगर से स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की गई थी। यह ट्रेन भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के अवसर पर इस हेरिटेज स्पेशल ट्रेन का संचालन भारतीय सिनेमा एवं भारतीय रेल की गौरवशाली विरासत के बीच एक विशेष समन्वय का अवसर बना। समारोह में शामिल अतिथियों को इस विशेष यात्रा के माध्यम से आरामदायक रेल सफर के साथ-साथ भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुभव प्राप्त हुआ।
हेरिटेज स्पेशल ट्रेन के माध्यम से आयोजित यह विशेष यात्रा अतिथियों के लिए सुविधाजनक, यादगार एवं विरासत से जुड़ा विशिष्ट रे
ल अनुभव सिद्ध हुई।
