दिल्ली से सुधीर कुमार
दिल्ली। पश्चिम विनोद नगर में मिथिलांचल दुर्गा पूजा समिति इकाई विएमवायएम द्वारा भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलश स्थापना के दिन भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद माँ दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ महोत्सव में भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है।
इस को लेकर संस्था से जुड़े एवं भाजपा पूर्वांचल मोर्चा मयूर विहार जिला के उपाध्यक्ष समाजसेवी बसंत झा वत्स का कहना है कि पूजा का उद्देश्य है पूर्वांचल समाज को संगठित कर सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करना।
इस महोत्सव की विशेषता यह है कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी सुंदर समागम देखने को मिल रहा है। माँ दुर्गा की आरती, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ श्रद्धालुओं के मन में भक्ति, श्रद्धा और आनंद का संचार कर रही हैं।
विद्यापति मैथिली युवा मंच द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मैथिली भाषा और परंपराओं को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
Tags
@#