दो पक्षों के बीच विवाद न्यायालय में विचाराधीन, हाईकोर्ट के फैसले के बाद होगी आगे की कार्रवाई
वापी/वल्लभनगर। वल्लभनगर क्षेत्र की सड़क को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद पर गुजरात हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। इस मामले को लेकर वापी महानगरपालिका के आयुक्त (कमिश्नर) ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपुष्ट या सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क विवाद दो पक्षों के बीच का मामला है, जो वर्तमान में हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में न्यायालय के अंतिम निर्णय से पहले किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाना या जनता को गुमराह करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका कानून के दायरे में रहकर कार्य कर रही है तथा न्यायालय के प्रत्येक आदेश का पूर्णतः पालन किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से शांति, संयम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मामले के संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचें और आधिकारिक सूचना का ही अनुसरण करें।
हालांकि, मनपा आयुक्त के ताजा बयान के बाद यह भी चर्चा तेज हो गई है कि वर्षों पुरानी सड़क समस्या का समाधान फिलहाल निकट भविष्य में संभव नहीं दिखाई देता। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण और समस्या के समाधान के जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हो सके हैं, जिससे लोगों में निराशा का माहौल है।